आतिशी

Atishi: कौन हैं दिल्ली की नई सीएम आतिशी? 2020 में पहली बार बनी थी विधायक, पढ़ें उनका सियासी सफर

Top देश प्रदेश

नई दिल्ली। अरविंद केजरीवाल के त्यागपत्र के बाद राजधानी दिल्ली को तीसरी महिला मुख्यमंत्री मिल गई है। आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार में शिक्षामंत्री के पद की जिम्मेदारी संभाल रहीं आतिशी अब दिल्ली की अगली मुख्यमंत्री होंगी। आतिशी को अरविंद केजरीवाल कैबिनेट में सबसे ताकतवर मंत्री कहा जाता हैं। आतिशी को अरविंद केजरीवाल का सबसे करीबी सहयोगी और भरोसेमंद माना जाता है।

बता दें आतिशी अन्ना आंदोलन के समय से ही संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मौजूदा समय आतिशी के पास सबसे अधिक मंत्रालय हैं। मंगलवार को केजरीवाल के आवास पर विधायक दल की बैठक में आतिशी के नाम का प्रस्ताव केजरीवाल ने सभी विधायकों के सामने रखा। जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया। सीएम की रेस में उनका नाम सबसे आगे भी चल रहा था। आतिशी एक पंजाबी परिवार से ताल्लुक रखती है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई दिल्ली में और फिर हायर एजुकेशन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से ली हैं।

कौन हैं आतिशी

आतिशी अन्ना हजारे के आंदोलन के समय से ही केजरीवाल के संपर्क में हैं। आम आदमी पार्टी बनने के साथ ही वह आम आदमी पार्टी से जुड़ी हुई हैं। आम आदमी पार्टी में आतिशी ने तेजी से अपनी पहचान बनाई है। आम आदमी पार्टी की उपलब्धियों में सबसे ऊपर शिक्षा का क्षेत्र है और इसका बहुत बड़ा श्रेय आतिशी को जाता है।  वर्ष 2013 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में उन्होंने पार्टी का मेनिफेस्टो तैयार करने में अहम भूमिका निभाई थी। 2014 लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने उन्हें अपना प्रवक्ता बनाया था।

वर्ष 2019 में उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन भाजपा के गौतम गंभीर से वह 4.77 लाख वोटों से हार गई थीं। इस चुनाव में वह तीसरे नंबर पर रहीं थीं। इसके बाद वर्ष 2020 में उन्होंने कालकाजी विधानसभा से चुनाव जीता। फिर वर्ष 2023 में पहली बार दिल्ली की केजरीवाल सरकार में मंत्री का पदभार संभाला। अब वर्ष 2024 में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने जा रही हैं।

शिक्षा के क्षेत्र में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

बता दें कि आतिशी शुरू से ही दिल्ली की शिक्षा क्रांति का महत्वपूर्ण चेहरा रही हैं। पूर्व शिक्षा मंत्री के तौर पर मनीष सिसोदिया ने जो काम किए उसमें आतिशी ने काफी सहयोग किया। प्रारंभ से ही आतिशी ही मनीष सिसोदिया की सलाहकार रही हैं और अधिकांश रणनीति उन्होंने ही बनाई है। लेकिन अप्रैल 2018 में उन्हें इस पद से हटा दिया गया था।

आतिशी की शैक्षणिक योग्यता

आम आदमी पार्टी में की महिला नेता आतिशी शुरू से ही एक होनहार छात्रा, बेहतरीन शिक्षक होने के साथ ही शैक्षणिक योग्यता में भी अव्वल हैं। आतिशी ने दिल्ली के स्प्रिंगडेल स्कूल में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। आतिशी ने सेंट स्टीफंस कॉलेज में इतिहास की पढ़ाई की। इसके बाद ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में शेवनिंग छात्रवृत्ति पर मास्टर की डिग्री प्राप्त की। कुछ साल बाद उन्होंने ऑक्सफोर्ड से शैक्षिक अनुसंधान में रोड्स स्कॉलर के रूप में अपनी दूसरी मास्टर डिग्री प्राप्त की। आतिशी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन काम करने के लिए जानी जाती हैं।

कैसा रहा आतिशी का सियासी सफर

2014 लोकसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने उन्हें अपना प्रवक्ता बनाया था। उसके बाद वर्ष 2019 में उन्होंने पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा। लेकिन भाजपा के गौतम गंभीर से वह हार गई थीं। वर्ष 2020 में आतिशी पहली बार कालकाजी विधानसभा सीट से विधायक चुनी गईं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार धर्मवीर सिंह को 11 हजार 393 वोटों से मात दी थी।

कई एनजीओ में भी कर चुकी हैं काम

जानकारी के अनुसार आतिशी ने मध्य प्रदेश के एक छोटे से गांव में करीब सात साल बिताए थे। यहां वह जैविक खेती और प्रगतिशील शिक्षा प्रणालियों से जुड़ीं रहीं। उन्होंने वहां कई गैर-लाभकारी संगठनों के साथ भी काम किया था। यहां उनकी पहली बार आम आदमी पार्टी के कुछ सदस्यों से मुलाकात हुई थी। आतिशी आम आदमी पार्टी की स्थापना के समय से हैं।

कितनी संपत्ती की मालिक हैं आतिशी

चुनावी हलफनामे के अनुसार आतिशी मार्लेना के पास बैंक और अन्य फाइनेंशियल फर्म में 1.41 करोड़ से ज्यादा का डिपॉजिट है। हालांकि इसमें उनके पति की इनकम भी शामिल है। आतिशी के पास एक करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है, लेकिन उनके पास न तो खुद का घर है और न ही उनके नाम पर कोई जमीन है। दिल्ली की नई मुख्यमंत्री आतिशी की ज्यादातर संपत्ति उनके बैंक अकाउंट और फिक्स्ड डिपॉजिट में ही है।

यह भी पढ़ें: Arvind Kejriwal: अन्ना के आंदोलन से घोटाले के आरोप में जेल जाने तक, कैसा रहा केजरीवाल का अब तक का सियासी सफर?

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *