mahendragar bus accident

Haryana Bus Accident: महेन्द्रगढ़ में स्कूल बस पलटी, छह बच्चों की मौत, 15 घायल, राष्ट्रपति व पीएम मोदी ने जताया दुख

Top प्रदेश

चंडीगढ़। महेन्द्रगढ़ के कनीना के गांव उन्हानी के पास ईद के दिन स्कूल बस पलटने से भीषण हादसा हो गया है। इस दुर्घटना में छह बच्चों की मौत हो गई और 15 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर मौके में पहुंची पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। वहीं महेन्द्रगढ़ की जिलाधिकारी ने ईद के दिन स्कूल खोलने के आरोप में स्कूल की मान्यता समाप्त कर दी है। वहीं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।

कुछ लोगों का कहना है कि वाहन से आगे निकलने की कोशिश के दौरान बस पेड से टकरा गई और फिर पलट गई थी। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि बस चालक नशे में था। इसपर महेंद्रगढ़ के पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने बताया कि बस के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसकी मेडिकल जांच की जा रही है जिसके बाद ही हम पुष्टि कर पाएंगे कि वह वास्तव में नशे में था या नहीं।

हरियाणा के पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो.रामबिलास शर्मा कनीना स्कूल बस दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद घायलों का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मृतक बच्चों के परिजनों  को सांत्वना दी। जानकारी के अनुसार हादसे में पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के भांजे पूर्व सरपंच संजय शर्मा के पुत्र का भी निधन हुआ है।

रद्द होगी मान्यता

वही महेंद्रगढ़ जिले की कलेक्टर मोनिका गुप्ता ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि ईद की छुट्टी होने के बावजूद स्कूल चालू रखा था। इस पर कड़ी कार्रवाई करते हुए स्कूल की मान्यता रद्द की जाएगी। उन्होंने  बताया कि संज्ञान में आया है कि ये निजी स्कूल था जिसे छुट्टी के दिन भी चलाया जा रहा था। 6 बच्चों की मौत हो चुकी है। घायल बच्चों का इलाज जारी है। अब किसी की जान को खतरा नहीं है। सरकार की ओर से उनका अच्छे से अच्छा इलाज करवाया जा रहा है। गाड़ी के दस्तावेजों में भी कमी थी इसलिए स्कूल प्रशासन के ऊपर भी रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।

यह भी पढ़ें: जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जा रहा है दंडित: संजय सिंह

महेंद्रगढ़ स्कूल हादसे पर राष्ट्रपति ने जताया दुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में स्कूल बस दुर्घटना में अनेक मासूम बच्चों की मृत्यु का समाचार हृदय विदारक है। ईश्वर शोक संतप्त माता-पिता एवं परिजनों को यह क्रूर आघात सहने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

प्रधानमंत्री ने जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए कहा कि हरियाणा के महेंद्रगढ़ में हुआ बस हादसा अत्यंत पीड़ादायक है। मेरी शोक-संवेदनाएं उन सभी परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने इस दुर्घटना में अपने बच्चों को खोया है। इसके साथ ही मैं सभी घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों और उनके परिजनों की हरसंभव सहायता में जुटा है।

घायलों से मिलने पहुंची शिक्षा मंत्री

हरियाणा की शिक्षा मंत्री सीमा त्रिखा अस्पताल में पहुंच कर 12 छात्रों का हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने कहा कि निजी स्कूल संचालक शिक्षा का व्यापार बंद करें। निजी स्कूल संचालक को नियमों का पालन करना चाहिए। ड्राइवर के साथ-साथ स्कूल के प्रिंसिपल व मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी।
उन्होंने कहा कहा कि ईद के अवकाश के दिन स्कूल खोलना गंभीर बात है। इसको लेकर प्रदेश के सभी शिक्षा अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूलों के खिलाफ की कड़ी कार्रवाई जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *