नरेन्द्र मोदी

विजय मुहूर्त में मोदी ने ली पीएम पद की शपथ, रामलला प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकालने वाले ज्योतिषी ने तय किया समय

Top देश धर्म

नई दिल्ली। नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ले ली। उनकी शपथ ग्रहण का समय अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का मुहूर्त निकालने वाली टीम ने तय किया है। जानकारी के अनुसार 9 जून को ज्येष्ठ महीने की तृतीया तिथि और रविवार है। साथ ही पुनर्वसु नक्षत्र है, जो देवताओं का नक्षत्र होता है। शुभ कामों में इस दिन का विशेष महत्व माना जाता है।

ज्योतिष के जानकारों का कहना है कि भगवान राम का जन्म इसी नक्षत्र में हुआ था। इस दिन वृद्धि ,अमृत और नैमित्तिक योग भी बन रहे हैं, जो भारत के विकास का संकेत दे रहे हैं। इसके अतिरिक्त चंद्रमा अपनी ही राशि यानी कर्क में रहेगा। भारत की कुंडली में भी चंद्रमा कर्क राशि में है, इसलिए इस दिन को मुहूर्त के तौर पर चुना गया है।

विजय मुहूर्त में हुई शपथ

ज्योतिष में तीन विजय मुहूर्त बताए गए हैं- त्रेतर, मध्याह्न और संध्या। इसमें संध्या मुहूर्त को विशेष महत्व बताया है। ​​​​​​शपथ के लिए 9 जून की शाम 7.07 से 7.35 तक का विशेष शुभ सूक्ष्म समय निकाला गया था। इस समय गौधुलिक नाम का संध्या विजय मुहूर्त रहेगा। शास्त्रों के मुताबिक यह सभी कामों में सर्वश्रेष्ठ माना जाता है।

मध्याह्न विजय मुहूर्त में हुई थी रामलला की प्राण प्रतिष्ठा

ज्योतिष गणना के मुताबिक मध्याह्न विजय मुहूर्त और वृश्चिक नवमांश के वक्त अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की गई थी। मोदी की शपथ के लिए वृश्चिक लग्न और गौधूलिक विजय मुहूर्त पर जोर दिया गया है। वृश्चिक लग्न का समय स्थिर होता है। मोदी ने 2014 और 2019 में भी इसी लग्न में शपथ ली थी।

भारत और मोदी की कुंडली में दो विशेष योग

इस समय की कुंडली में लग्न का स्वामी मंगल और चंद्रमा, दोनों ही अपनी राशि में होंगे। सूर्य, बुध, गुरु और शुक्र कुंडली के सातवें घर में होंगे और लग्न पर इन सभी ग्रहों की दृष्टि होगी। मुहूर्त, लग्न और ग्रहों का ऐसी सटीक स्थिति पांच या दस साल में एक बार बनती है। इससे दुनिया में भारत की भूमिका मजबूत होगी।

इस दिन लग्न और नवमांश का भी आपस में बहुत अच्छा संयोग बन रहा है। नरेंद्र मोदी की जन्म राशि वृश्चिक और भारत की कुंडली का लग्न वृषभ है। इन दोनों में समसप्तक योग बन रहा है। वहीं भारत और नरेंद्र मोदी की राशि का आपस में नवमपंचम लाभ योग बन रहा है।

4 जून को ही निर्धारित हो गया था शपथ का मुहूर्त

जानकारी के अनुसार अयोध्या राम मंदिर का मुहूर्त निकालने वाली समिति को ही शपथ ग्रहण का मुहूर्त निकालने की जिम्मेदारी दी गई थी। इसके लिए इन्होंने 15 से 20 दिनों तक तैयारी की। लोकसभा चुनाव के नतीजे वाले दिन यानी 4 जून को समिति ने प्रधानमंत्री कार्यालय को शपथ का मुहूर्त भेज दिया था।

जानकारी के अनुसार ज्योतिषियों द्वारा सुझाए समय के आधार पर ही शपथ का कार्यक्रम तय किया गया है। उनका कहना है कि 9 जून का यह मुहूर्त भारत के लिए शुभ है। जब मोदी शपथ लेंगे, उस मुहूर्त में कोई भी काम किया जाए तो सफलता तय है। उनका कहना है कि इससे भारत का भविष्य और भी उज्जवल होगा और देश विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर होगा।

यह भी पढ़ें: PM Modi: लगातार तीसरी बार नरेन्द्र मोदी ने ली पीएम पद की शपथ

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *