weather

Weather Alert: 10 राज्यों में बारिश के आसार, जम्मू और हिमाचल बर्फबारी के आसार

Top देश

नई दिल्ली। देश में गर्मी कहर बरपा रही है। ऐसे में मौसम विभाग की यह जानकारी थोड़ी राहत पहुंचा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार देश में पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होने के चलते कई राज्यों में बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में गुरुवार से तीन दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके अलावा राजस्थान में भी 14 जिलों में बारिश का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और अंडमान एंड निकोबार में भी बारिश हो सकती है। वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के कुछ क्षेत्रों में भी 13 अप्रैल के बाद बर्फबारी होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार मौसम में बदलाव की वजह ईरान, पाकिस्तान होकर उत्तर भारत पहुंचने वाली हवाएं यानी पश्चिमी विक्षोभ हैं। फरवरी, मार्च और अब अप्रैल में भी इसी कारण से मौसम लगातार बदल रहा है। हालांकि 15 अप्रैल के बाद मौसम में फिर बदलाव आएगा। उसके बाद तेज गर्मी पड़ेगी।

13 और 14 अप्रैल को बारिश

मौसम विभाग ने बताया कि गुजरात, पश्चिमी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में राजधानी दिल्ली का तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच सकता है।

गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे, इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। हालांकि 13 और 14 अप्रैल को बारिश की संभावना बन रही हैं। मौसम विभाग की मानें तो बारिश के कारण तापमान में चार से पांच डिग्री की गिरावट होने की उम्मीद है। जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।

यह भी पढ़ें: कच्चातिवु पर दिग्विजय सिंह ने दिया विवादित बयान, कहा क्या उस द्वीप पर कोई रहता भी है?

इन राज्यों में हो सकती है बारिश

मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 अप्रैल के बीच छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में गरज के साथ बारिश हो सकती है। इन राज्यों में तेज हवाएं चल सकती हैं।

11 से 13 अप्रैल के बीच गंगीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, ओडिशा और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 11 से 15 अप्रैल के बीच तेलंगाना, आंतरिक कर्नाटक, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गरज के साथ बारिश होने के आसार नजर आ रहे हैं।
11 से 12 अप्रैल के बीच पश्चिमी हिमालय में हल्की बारिश और बर्फबारी संभव है। 13 से 15 अप्रैल के बीच तेज बारिश हो सकती है। वहीं 13 और 14 अप्रैल को जम्मू कश्मीर और 14 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी होने की संभावना है।
इसी तरह 13 से 14 अप्रैल के बीच उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावनाएं हैं। 11 से 15 अप्रैल के बीच राजस्थान में धूल भरी आंधी और बिजली गिरने के साथ बारिश हो सकती है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदल रहा है मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे सटे उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर समुद्र तल से औसत 3.1 किमी ऊपर है। मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक निम्न दबाव की रेखा बनी हुई है एवं इसकी धुरी लगभग देशांतर के साथ औसत समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। यह 71 डिग्री पूर्व तथा 30° उत्तर अक्षांश के उत्तर तक बनी हुई है।
इसके अलावा दक्षिण पूर्वी राजस्थान पर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, एक ट्रफ रेखा दक्षिण पूर्व राजस्थान से उत्तर प्रदेश, बिहार और निचले स्तर पर उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए पूर्वोत्तर बांग्लादेश तक फैली हुई है। जबकि 12 अप्रैल से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *