सुशील मोदी

राजकीय सम्मान के साथ सुशील मोदी का पटना में हुआ अंतिम संस्कार, जेपी नड्डा भी पहुंचे पटना

Top प्रदेश

पटना। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी का अंतिम संस्कार मंगलवार शाम करीब छह बजे पटना में हुआ। अंतिम संस्कार से पहले सुशील कुमार मोदी के पार्थिव शरीर को राजकीय सम्मान से विदाई दी गई।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी सुशील मोदी को अंतिम विदाई देने के लिए पटना पहुंचे। सुशील मोदी को अंतिम विदाई देने केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे, राज्य के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. नंदकिशोर यादव, विजय कुमार सिन्हा समेत हजारों की संख्या में नेता और समर्थक दीघा घाट पर उपस्थित रहे।

नम आंखों से जेपी नड्डा ने सुशील मोदी को दी अंतिम विदाई

देरी से पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अश्रुपूरित नेत्रों से पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को अंतिम विदाई दी। नड्डा ने मुखाग्नि के दौरान खड़े रहकर सुशील मोदी के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने सुशील कुमार मोदी के बेटों से बात की और कहा कि पूरा भाजपा परिवार आप सभी के साथ गमगीन है।

सुशील मोदी ने सोमवार रात को ली थी अंतिम सांस

कैंसर से पीड़ित 72 वर्षीय सुशील मोदी ने सोमवार रात नौ बज कर करीब 45 मिनट पर नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में अंतिम सांस ली। बता दें सुशील मोदी ने 3 अप्रैल 2024 को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में पहली बार अपनी बीमारी की जानकारी दी थी।

सुशील मोदी का पार्थिव शरीर सुबह करीब 11.30 बजे दिल्ली से पटना हवाईअड्डे लाया गया और उसे पटना के राजेंद्र नगर इलाके में स्थित उनके आवास पर ले जाया गया। बाद में पार्थिव शरीर को बिहार विधानसभा और इसके बाद भाजपा राज्य मुख्यालय ले गए जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को अंतिम श्रद्धांजलि दी।

उनका अंतिम संस्कार पटना के दीघा घाट श्मशान घाट पर हुआ। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और कई वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को भाजपा नेता के निधन पर शोक व्यक्त किया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी सुशील मोदी के निधन पर दुख जताया।

यह भी पढ़ें: पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का निधन

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *