मतदान

Lok Sabha Phase 3: तीसरे चरण के लिए मतदान समाप्त, यूपी की सभी 10 सीटों पर 5 बजे तक हुआ 55.13% मतदान

Top प्रदेश

लखनऊ। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत उत्तर प्रदेश में 10 सीटों पर मंगलवार को मतदान हुआ। चुनाव आयोग से प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश में शाम 5 बजे तक कुल 55.13 प्रतिशत मतदान हुआ है। बता दें इन दस सीटों पर 100 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे जिनमें से आठ महिलाएं भी थी। हालांकि अभी अंतिम आंकडे आना बाकी है।

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया की राज्य की 10 लोकसभा सीटों पर मतदान प्रात: सात बजे शुरू हो गया जो शाम छह बजे तक जारी रहा। उन्होंने बताया कि शाम 5 बजे तक संभल में 61.10, बरेली में 54.21, आंवला में 54.73, बदायूं में 52.77, आगरा में 51.53 प्रतिशत मतदान हुआ है। 

हाथरस में 53.54, फतेहपुर सीकरी में 54.93, मैनपुरी में 55.88, एटा में 57.07 और फिरोजाबाद में 56.27 प्रतिशत मतदान हुआ है। सपा ने कुछ स्थानों पर बिना पहचानपत्र के वोट डालने का आरोप लगाया है। गौरतलब हो कि उत्तर प्रदेश में 1.88 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर 100 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे।

भाजपा के इन नेताओं की किस्मत लगी है दांव पर

तीसरे चरण में आगरा से केंद्रीय मंत्री एस.पी. सिंह बघेल, मैनपुरी से उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह और हाथरस से राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान वाल्मीकि की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

सपा के यादव परिवार के लिए भी महत्वपूर्ण है यह चुनाव

लोकसभा चुनाव का यह दौर सपा के यादव परिवार के लिए भी महत्वपूर्ण है। मैनपुरी से डिंपल यादव लोकसभा सीट को बरकरार रखने के लिए प्रयास कर रही हैं, जिसे उन्होंने अपने ससुर एवं सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद हुए उपचुनाव में जीता था। 

इसके साथ ही सपा के मुख्य राष्ट्रीय महासचिव राम गोपाल यादव के बेटे अक्षय यादव फिर से फिरोजाबाद सीट को हासिल करने की कोशिश में हैं। इस सीट को उन्होंने 2014 में जीता था। इसके साथ ही बदायूं लोकसभा सीट से चुनावी शुरुआत कर रहे आदित्य यादव सीट को जीतना चाहेंगे। वर्ष 2014 में बदायूं सीट पर आदित्य के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव ने जीत हासिल की थी। 

तीसरे चरण के चुनाव में उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह एटा संसदीय क्षेत्र से लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने की उम्मीद कर रहे हैं। बरेली में मुख्य मुकाबला भाजपा के छत्रपाल सिंह गंगवार और सपा के प्रवीण सिंह ऐरन के बीच है।

दस सीटों पर भाजपा ने उतारे थे 5 नए चेहरे

इस चरण में जिन 10 लोकसभा सीट पर मतदान हो रहा है, उनमें से पांच पर भाजपा ने नए चेहरों को टिकट दिया है। भाजपा की तरफ से बरेली से संतोष गंगवार के स्थान पर छत्रपाल सिंह गंगवार, बदायूं से संघमित्रा मौर्य की जगह दुर्विजय सिंह शाक्य, हाथरस से राजवीर सिंह दिलेर की जगह अनूप प्रधान वाल्मीकि, फिरोजाबाद से चंद्रसेन जादौन की जगह विश्वदीप सिंह और मैनपुरी लोकसभा सीट से जयवीर सिंह को चुनावी मैदान में उतारा हैं। 

50 के खिलाफ होगी कार्रवाई 

वहीं संभल पुलिस ने 50 से अधिक संदिग्ध व्यक्तियों को फर्जी मतदान का प्रयास करते हुए पकड़ा है। उनकी जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Radhika Kheda: राधिका खेड़ा ने कांंग्रेस का छोड़ा दामन, जाने विवाद की पूरी कहानी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *